भदोही। भदोही में सांस्कृतिक उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। भदोही महोत्सव सोसाइटी के अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 15, 16 और 17 मई 2026 को अभयनपुर मैदान (वाराणसी रोड) पर ‘भदोही महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
आयोजन के तहत तीनों दिनों में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला होगी। सुबह के समय योग शिविर आयोजित किए जाएंगे, वहीं 16 मई को भव्य मैराथन दौड़ भी आयोजित होगी। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 16 मई की शाम आयोजित होने वाला राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवियों का कवि सम्मेलन होगा। वहीं 17 मई को बॉलीवुड नाइट और भव्य समापन समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी को ध्यान में रखते हुए जनहित में खेलकूद प्रतियोगिताओं को इस वर्ष स्थगित कर दिया गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर आयोजन को लेकर फैल रही अफवाहों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया गया कि कार्यक्रम अपने निर्धारित स्थान और तिथियों पर ही आयोजित होगा।
आयोजन समिति का कहना है कि इस महोत्सव का उद्देश्य भदोही की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।





