भदोही। जनपद भदोही के औराई क्षेत्र स्थित कोठरा सौरा गेट के पास संचालित कविता पाली क्लिनिक पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीमित संसाधनों और कथित तौर पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में यहां प्रसव कराए जा रहे हैं, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्लिनिक मात्र दो कमरों में संचालित हो रहा है, जहां न तो पर्याप्त साफ-सफाई की व्यवस्था दिखाई देती है और न ही आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। आरोप है कि ऑक्सीजन, प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ और प्रसव संबंधी आवश्यक उपकरणों के बिना ही मरीजों का इलाज और प्रसव कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, अस्वच्छ वातावरण में प्रसव कराने से संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में जच्चा और नवजात दोनों गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार हो सकते हैं। यदि किसी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध न हो तो परिणाम और भी गंभीर हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और क्लिनिक में उपलब्ध सुविधाओं, पंजीकरण तथा चिकित्सा मानकों की पड़ताल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि नियमों का पालन नहीं हो रहा है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ऐसे मामलों पर कब संज्ञान लेगा? क्या बिना मानकों के संचालित होने वाले कथित अस्पतालों और क्लिनिकों की जांच होगी? और यदि अनियमितताएं मिलती हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी?









